छात्रगृह योजना की छात्रवृत्ति की राशि का समय पर भुगतान करें: श्री चंद्रा कलेक्टर ने किया विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण

छात्रगृह योजना की छात्रवृत्ति की राशि का समय पर भुगतान करें: श्री चंद्रा कलेक्टर ने किया विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण

नीमच, 14 अगस्त 2024: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन, नीमच में स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, उनके द्वारा संपादित कार्यों, और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर अपर कलेक्टर श्रीमती लक्ष्मी गामड़ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों जैसे भू-अभिलेख, सहकारिता, जिला जनसंपर्क, जिला कोषालय, जिला पेंशन कार्यालय, जिला रोजगार कार्यालय, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, जिला आबकारी, उप पंजीयक, कृषि, खाद्य, उद्यानिकी, खनिज, नगर तथा ग्राम निवेश आदि का निरीक्षण किया और अधिकारियों की उपस्थिति का मूल्यांकन किया।

कलेक्टर ने कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 26 (स्टाफ रूम) का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके द्वारा संपादित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को इसमें सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने और सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान लंबित पेंशन मामलों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि विभागीय जांच की वजह से पेंशन प्रकरणों के निपटारे में विलंब नहीं होना चाहिए।

कलेक्टर ने उद्यानिकी एवं कृषि कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिले की प्रमुख कृषि, उद्यानिकी, और औषधीय फसलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कृषि में नवाचार करने वाले किसानों और प्रगतिशील किसानों के बारे में भी पूछताछ की। आदिम जाति कल्याण कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पदस्थ स्टाफ, छात्रावासों की संख्या, छात्रवृत्ति के भुगतान, और बस्ती विकास के कार्यों के लिए उपलब्ध बजट एवं स्वीकृत कार्यों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि छात्रगृह योजना के तहत विद्यार्थियों को समय पर भुगतान हो और छात्रवृत्ति का भुगतान भी अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।