जनभागीदारी से कोरोना नियंत्रण में म.प्र.मॉडल बना है-श्री चौहान मंत्री श्री सखलेचा ने मनासा में किया 55 लाख के आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया कार्यक्रम को वर्चुअल सम्बोधित
नीमच 30 मई 2021, प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने रविवार को मनासा में सांसद निधि से, विधायक निधि से एवं जनसहयोग से निर्मित आक्सीजन प्लांट का फीता काटकर, पूजन अर्चन कर लोकार्पण किया। इस मौके पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक श्री दिलीप सिह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरूद्ध मारू, पूर्व मंत्री श्री कैलाश चावला, श्री पवन पाटीदार एवं कलेक्टर श्री मयंक अग्रवाल भी मंचासीन थे।
मनासा के ऑक्सीजन प्लांट के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि हर्ष का विषय है, कि मनासा में ऑक्सीजन प्लांट प्रारम्भ हो रहा है। इसके लिए मैं एमएसएमई मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध माधव मारू, विधायक श्री दिलीप परिहार, दानदाताओं, पत्रकार साथियों सभी का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस प्लांट से 75 ऑक्सीजन सिलेंडर रोज भरे जाने के साथ ही लगभग 60 मरीजों को कोविड केअर सेंटर, जिसका काम चल रहा है, में सीधे ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। यहां 10 बिस्तर बाला ऑक्सीजन युक्त चाइल्ड केयर सेंटर भी बन रहा है। ऑक्सीजन आपूर्ति में यह प्लांट अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। जनभागीदारी के माध्यम से कोरोना को नियंत्रित करके, मध्यप्रदेश ने एक नया मॉडल खड़ा किया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में है। मनासा जनभागीदारी का श्रेष्ठ उदाहरण बन गया है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश में अनलॉक प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। ऐसे में आप सभी को अत्यधिक सावधान रहना होगा तथा कोरोना गाइड लाइन का पूरा पूरा पालन करना होगा। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कोविड अनुकूल व्यवहार आवश्यक है। आइए हम सब संकल्प लें कि न केवल कोरोना को पूर्ण रूप से नियंत्रित करेंगे अपितु तीसरी लहर को मध्य प्रदेश में आने ही नहीं देंगे।
मंत्री सखलेचा ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्राम वार्ड स्तरीय समितियां गठित करने की मंशा है, कि हम उनके सहयोग से कोरोना की चेन को तोडे। मुख्यमंत्री दिन रात कोरोना नियंत्रण में जुटे हुए है। उसी का परिणाम है, कि आज कोरोना नियंत्रण में है, परन्तु हमें तीसरी सम्भावित लहर के प्रति भी सचेत रहना है, उन्होने प्रसन्नता व्यवक्त की, कि मनासा में 10 बेड का ऑक्सीजन युक्त चाईल्ड कोविड केयर सेंटरभी प्रारंभ हो गया है। मंत्री श्री सखलेचा ने किल कोरोना अभियान में योगदान देने वाली आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की भी प्रशंसा की। मंत्री सखलेचा ने कहा कि अभी भी जो होम आईसोलेशन में है, उन्हें कोविड केयर सेंटर में भर्ती करवाये,ताकि उनके परिवारजन संक्रमित होने से बचे रहे।
उन्होने आव्हान किया कि लोग जागरूकता के साथ कोरोना की तीसरी संभावित लहर में कोरोना को अपने वार्ड गांव में आने ही नहीं देंगे। मनासा विधायक श्री अनिरूद्ध मारू ने स्वागत भाषण में कहा कि मनासा में करीब 35 बेड का कोविड सेंटर बना हुआ है। ऑक्सीजन की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। ऐसे में सांसद निधि, विधायक निधि एवं जनसहयोग से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई। नगर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक संगठन और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक की एवं कोविड सेंटर पर जनसहयोग और विधायक निधि से ऑक्सीजन प्लांट निर्माण को योजना में आमजनों का भी भरपूर सहयोग मिला। देखते ही देखते दानदाताओं से करीब 33 लाख 833 रुपए की राशि प्राप्त हो गई। राशि जारी होने के साथ ही प्लांट का काम भी शुरू हो गया।
विधायक श्री मारू ने कहा कि मनासा कोविड सेंटर पर करीब 55 लाख को लागत से बने इस ऑक्सीजन प्लांट की कैपेसिटी 323 लीटर पर मिनट ऑक्सीजन देने की हैं। जिससे की 75 सिलेंडर प्रतिदिन भरे जा सकेंगे और 50 बेड पर सीधे प्रतिदिन ऑक्सीजन दे सकेंगे। उन्होने कहा कि वर्तमान में मनासा में 35 बेड का कोविड सेंटर चल रहा है। यहां 60 बेड का ड्रोम वाला अस्थाई कोविड सेंटर भी बनाया जा रहा। जिसका कार्य प्रगति पर है। उक्त अस्थाई कोविड सेंटर मे 15 बेड बच्चो, 15 महिलाओं के लिए रिजर्व रहेंगे। इस तरह मनासा मुख्यालय पर करीब 100 बेड वाला कोविड सेंटर हो जाएगा। श्री मारू ने सभी दानदाताओं के सहयोग का उल्लेख करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।कार्यक्रम को सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक श्री दिलीप सिह परिहार, श्री पवन पाटीदार ने भी सम्बोधित किया।
इस मौके पर अतिथियों ने ऑक्सीजन प्लांट के लिए आर्थिक सहयोग करने वाले दान दाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.राजेश पाटीदार ने किया और अंत में एसडीएम श्री मनीष जैन ने आभार माना।
मंत्री श्री सखलेचा ने किया ट्रांसफार्मर का लोकार्पण
नीमच 30 मई 2021, प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने रविवार को मनासा कोविड केयर सेंटर परिसर में नव स्थापित ट्रांसफार्मर का पूजन अर्चन कर लोर्कापण किया। इस मौके पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक श्री दिलीप सिह परिहार, श्री अनिरूद्ध मारू, श्री पवन पाटीदार, पूर्व मंत्री श्री कैलाश चावला एंव जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री मंयक अग्रवाल व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
